19 वर्षीय युवती का सनसनीखेज आरोप: जबरन दुष्कर्म, धर्म परिवर्तन का दबाव और जान से मारने की धमकी

निसं
बिसाऊ (नवयत्न)। एक 19 वर्षीय युवती ने दो युवकों पर डरा-धमकाकर कई वर्षों तक कथित रूप से जबरन दुष्कर्म करने, पैसे ऐंठने, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है।
थानाधिकारी उमाशंकर शर्मा के अनुसार, पीड़िता बुधवार को अपनी मां के साथ थाने पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि दोनों आरोपी पिछले कुछ वर्षों से उसे लगातार डराकर और धमकाकर उसका शारीरिक शोषण करते रहे। इस दौरान आरोपियों ने उससे रुपए भी ऐंठे।
पीड़िता के अनुसार, बुधवार को दोनों आरोपी उसे झुंझुनूं रोड स्थित एक होटल में ले गए, जहां उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि आरोपियों ने उस पर जबरन धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया, बुरखा पहनने के लिए मजबूर किया तथा मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपियों के परिवार के कुछ सदस्य भी उस पर आरोपियों में से एक से विवाह करने, विदेश भेजने तथा लगातार धमकियां देकर दबाव बनाने का प्रयास करते रहे। पीड़िता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि घटना के दौरान आरोपियों ने आरजे-18 एसएक्स-3304 नंबर की कार का उपयोग किया।
पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(1), 308(2), 351(2), 61(2) तथा राजस्थान विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2025 की धारा 3/5 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आरपीएस अधिकारी हरीसिंह धायल, वृत्ताधिकारी (ग्रामीण) को सौंपी गई है। पुलिस ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार जांच शुरू कर दी गई है।
नोट: यह मामला पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की सत्यता की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

You might also like