बारिश से मिली उमस से राहत, आकाशीय बिजली गिरने से भैंस की मौत
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । सावन के पहले दिन गुरुवार को श्रीमाधोपुर में मौसम ने करवट ली। सुबह करीब 6:30 बजे से शुरू हुई हल्की बूंदाबांदी और रिमझिम बारिश का दौर रुक-रुककर सुबह 10 बजे तक जारी रहा। करीब छह दिन बाद हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। बारिश के दौरान कई स्कूली बच्चे भीगते हुए स्कूल पहुंचे, जबकि सुबह की सैर पर निकले लोगों ने भी सावन की पहली फुहारों का आनंद लिया।
बारिश के बीच ढाणी गोपीनाथजी वाली में आकाशीय बिजली गिरने से एक बड़ा हादसा हो गया। किसान भोमाराम के घर पर बिजली गिरने से वहां बंधी एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीण कुलदीप सिंह ने बताया कि बिजली गिरने से घर का बिजली मीटर, वायरिंग सहित अन्य विद्युत उपकरण भी जल गए। घटना के बाद परिवार और आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल रहा।इससे पहले बुधवार को पूरे दिन बादल छाए रहे थे, लेकिन बारिश नहीं होने से लोगों को भीषण उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। गुरुवार सुबह हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और सुबह 10 बजे शहर का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे मौसम काफी खुशनुमा हो गया।
बारिश ने शहर में चल रहे सीवरेज कार्य की भी पोल खोल दी। बाजारों और कई गलियों की टूटी सड़कों पर कीचड़ और फिसलन हो गई, जिससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। कई स्थानों पर दोपहिया वाहन चालक संभलकर निकलते नजर आए।मौसम विभाग के अनुसार मानसूनी तंत्र फिलहाल सक्रिय है। इसके प्रभाव से सीकर जिले सहित पूरे शेखावाटी क्षेत्र में आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। विभाग ने 4 अगस्त तक पूर्वी राजस्थान में मानसून सक्रिय रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान शेखावाटी सहित कई क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।