पार्किंग में आग लगने से तीन इलेक्ट्रिक स्कूटी जलकर खाक

निसं
जयपुर (नवयत्न) । राजधानी के गांधी नगर थाना क्षेत्र स्थित रामबाग सर्किल के पास सुबोध कॉलेज की बेसमेंट पार्किंग में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से तीन इलेक्ट्रिक स्कूटी जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। सूचना पर 22 गोदाम फायर स्टेशन से दमकल मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते अन्य वाहनों को हटाने से बड़ा नुकसान टल गया।
फायर वूमन सीता ने बताया कि सुबह करीब 8:45 बजे कॉलेज की बेसमेंट पार्किंग में खड़ी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है, जिससे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास में खड़ी दो अन्य इलेक्ट्रिक स्कूटी भी उसकी चपेट में आ गईं।
तीनों स्कूटी से उठती आग की ऊंची लपटों और धुएं को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही 22 गोदाम फायर स्टेशन से दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने सबसे पहले आसपास खड़े अन्य वाहनों को सुरक्षित स्थान पर हटाया, जिससे आग फैलने से रोकी जा सकी। करीब 20 मिनट के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हालांकि आग की चपेट में आई तीनों इलेक्ट्रिक स्कूटी पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो गईं।
फायर वूमन सीता ने बताया कि आग लगने के कारण बेसमेंट पार्किंग धुएं से भर गई थी। साथ ही आसपास खड़े वाहनों को हटाने में समय लगने के कारण आग बुझाने की कार्रवाई में भी अधिक समय लगा। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।

You might also like