अस्पताल में बारिश का पानी बना आफत, विधायक गोदारा ने किया निरीक्षण

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । राजकीय चिकित्सालय राजलदेसर में गुरुवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद हुए जलभराव और नुकसान का जायजा लेने शुक्रवार दोपहर रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा अस्पताल पहुंचे। विधायक ने पूरे चिकित्सा परिसर का निरीक्षण किया और अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर चिकित्सा स्टाफ से जानकारी ली। बारिश के बाद अस्पताल परिसर में पानी भरने से मरीजों, चिकित्साकर्मियों और अस्पताल की व्यवस्थाओं पर पड़े असर को देखते हुए विधायक ने मौके पर ही नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सीताराम मीणा और सहायक अभियंता विकास मीणा को बुलाया। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि अस्पताल में स्थायी व्यवस्था होने तक तत्काल वैकल्पिक इंतजाम किए जाएं, ताकि आगामी बारिश में अस्पताल फिर से जलभराव की चपेट में न आए। विधायक ने चिकित्सा परिसर की क्षतिग्रस्त दीवार के स्थायी निर्माण तक बालू-रेत के कट्टे लगाकर सुरक्षा व्यवस्था करने तथा बरसात के दौरान पानी निकासी के लिए स्थायी रूप से पंप सेट लगाने के निर्देश दिए। इस पर अधिशासी अधिकारी सीताराम मीणा ने एक-दो दिन में पंप सेट लगवाने तथा बालू-रेत के कट्टे रखवाने का आश्वासन दिया।वहीं राजा कोठी गैनाणी में जल निकासी के लिए 60 एचपी का पंप सेट लगाने को लेकर भी चर्चा हुई। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि मंगलवार से पहले 60 एचपी का पंप सेट लगा दिया जाएगा। विधायक पूसाराम गोदारा ने कहा कि राजकीय चिकित्सालय का वर्तमान भवन जर्जर हालत में है और बरसात के दौरान यहां पानी भरना अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा भवन के नए निर्माण को लेकर शीघ्र ही मेडिकल रिलीफ सोसायटी की बैठक आयोजित की जाएगी और सर्वसम्मति से प्रस्ताव लेकर राजस्थान सरकार को अवगत कराया जाएगा। गोदारा ने कहा कि वह स्वयं मुख्यमंत्री और चिकित्सा मंत्री को अस्पताल में हुए नुकसान तथा भवन की स्थिति को लेकर पत्र लिखेंगे। उन्होंने कहा कि 20 अगस्त से विधानसभा का सत्र शुरू हो रहा है और वहां भी राजलदेसर के चिकित्सा भवन को नया बनाने की मांग मजबूती से उठाई जाएगी।इसके साथ ही उन्होंने राजकीय चिकित्सालय को उप जिला चिकित्सालय का दर्जा दिलाने तथा अस्पताल में रिक्त पदों को भरने और आवश्यक चिकित्सा स्टाफ बढ़ाने की मांग भी विधानसभा में रखने की बात कही। विधायक ने कहा कि वे जल्द ही चिकित्सा मंत्री से मुलाकात कर अस्पताल की रिक्तियों और चिकित्सा सुविधाओं का मुद्दा उठाएंगे।निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि वर्तमान में अस्पताल में मरीजों के लिए पर्ची तक उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सकीय स्टाफ का अभाव है और वर्तमान में एक महिला चिकित्सक के भरोसे चिकित्सा व्यवस्था चलना गंभीर चिंता का विषय है।उन्होंने कहा कि बारिश के कारण अस्पताल परिसर में पानी भरने से संक्रमण का खतरा बना हुआ है। ऐसी स्थिति में डिलीवरी जैसी महत्वपूर्ण चिकित्सा सेवाओं को लेकर भी परेशानी खड़ी हो सकती है। परिसर में डिलीवरी नहीं करवाने की सलाह दी गयी है । अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर जल निकासी और साफ-सफाई की पुख्ता व्यवस्था होना बेहद जरूरी है।
विधायक गोदारा ने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर उनके द्वारा पहले भी कई बार निरीक्षण किया जा चुका है और अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया गया है, लेकिन इसके बावजूद अपेक्षित सुधार नजर नहीं आया। उन्होंने सरकार और प्रशासन को चेताते हुए कहा कि अस्पताल का जर्जर भवन कभी भी गंभीर हादसे का कारण बन सकता है। यदि भवन गिरने से किसी व्यक्ति की जान जाती है तो इसकी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा पहले भी तीन बार पत्र के माध्यम से अस्पताल की स्थिति से सरकार को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक अपेक्षित गंभीरता से संज्ञान नहीं लिया गया। विधायक ने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीज और उनके परिजन किसी मजबूरी में नहीं बल्कि इलाज की उम्मीद लेकर आते हैं। ऐसे में उन्हें बदहाल भवन, जलभराव और अपर्याप्त सुविधाओं के बीच इलाज के लिए मजबूर करना व्यवस्था के प्रति गंभीर लापरवाही है। अब केवल निरीक्षण और आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने प्रशासन से अस्पताल की तत्काल व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के साथ-साथ नए भवन निर्माण, जल निकासी, पर्याप्त चिकित्सा स्टाफ और आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करने की मांग की।इस अवसर पर डॉक्टर प्रतिभा मीणा, सीनियर लैब टेक्नीशियन कैलाश राजपुरोहित, चैनरूप भाटिया, महिला नर्सिंग कर्मचारी निशा, अनीता मीणा, कंपाउंडर रामकरण, कांग्रेस नगर अध्यक्ष जब्बार खोखर, पूर्व नेता प्रतिपक्ष मोहनलाल मेघवाल, कामरेड भादर भामू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

You might also like