कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका चुनाव को लेकर बिगुल फूंका, 3 साल में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । राजलदेसर नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस नेताओं ने बिगुल फूंक दिया है। इसी के तहत राजलदेसर नगर कांग्रेस कमेटी की बैठक नगर अध्यक्ष जब्बार खोखर की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा, विधानसभा प्रभारी सुनील महला, रतनगढ़ पूर्व नगर अध्यक्ष अरविंद चाकलान, पूर्व प्रधान गिरधारी बांगड़वा, कांग्रेस देहात अध्यक्ष भानीराम मेघवाल, कांग्रेस नेता चरण सिंह काका, पूर्व नेता प्रतिपक्ष मोहनलाल मेघवाल, पूर्व सरपंच मनफुल टांडी, भागीरथ रेगर के सानिध्य में मीटिंग आयोजित की गई। जिसमें रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा ने कहा कि नगर पालिका चुनाव का बिगुल बज चुका है। कांग्रेस कार्यकर्ता अभी से कमर कस लें। फिर से नगर पालिका अध्यक्ष बनाने के लिए उन्होंने कहा कि पार्टी टिकट उन्हीं को देगी, जो जिताऊ एवं टिकाऊ हों। साथ ही पार्टी के साथ गद्दारी करने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके अलावा राजलदेसर नगर पालिका में 3 साल में इतना भ्रष्टाचार हुआ है, उसकी कोई कल्पना ही नहीं कर सकता। नगर पालिका में दलाल बैठे हुए हैं, खुली दलाली करते हैं। विधायक गोदारा ने कहा कि आज की बैठक में अधिकांश कांग्रेस के नेता अनुपस्थित हैं, लेकिन इशारों ही इशारों में साफ संकेत दिए उपस्थित पदाधिकारियों को समय रहते हुए एकजुट कर लें, अन्यथा मैं अपने हिसाब से कार्य करूंगा। गोदारा ने कहा कि पिछली बार कांग्रेस की सरकार में राजलदेसर में ऐतिहासिक विकास के कार्य हुए थे, जिसमें राजकीय महाविद्यालय खुलवाना, तहसील कार्यालय खुलवाना, इसके अलावा महाविद्यालय में फर्नीचर उपलब्ध करवाया, सड़कों के निर्माण के लिए करोड़ों का बजट उपलब्ध करवाया आदि कांग्रेस के शासन में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं, लेकिन भाजपा के शासन में केवल भ्रष्टाचार के अलावा कुछ भी काम नहीं हुआ। मीटिंग में रतनगढ़ विधानसभा प्रभारी सुनील महला ने कहा कि अब मैं पूरे विधानसभा में सभी नगर पालिका में वार्डों में स्वयं जाऊंगा एवं टिकट को लेकर सभी से विचार-विमर्श करूंगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भाजपा के शासन में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। इस भ्रष्टाचारी सरकार को आने वाले नगर पालिका चुनाव में उखाड़ कर फेंकना है। बैठक में पूर्व नगर अध्यक्ष अरविंद चाकलान, पूर्व प्रधान गिरधारी लाल बांगड़वा आदि ने भी कार्यकर्ताओं को गुरु मंत्र दिया। इस अवसर पर भागीरथ रेगर, नबी बक्स, विनोद सैनी, भवानी कच्छावा, भोजराज बारूपाल, मोहम्मद शरीफ छींपा, अशफाक बगड़, मुंशी कलाल, शरीफ ठेकेदार, जाकिर हुसैन, फारूक छींपा, चंद्रजीत वाल्मीकि, गुलाब खडोलिया, अशोक सोनी आदि सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।