विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज
विजेंद्र सिंह लमोरिया
चिड़ावा (नवयत्न) । सुल्ताना थाना क्षेत्र के किठाना गांव में विवाहिता प्रियंका (28) की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर झूलने से मौत हो गई। इस मामले में मृतका के पीहर पक्ष की ओर से ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाते हुए सुल्ताना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। घरड़ाना खुर्द निवासी मृतका के चचेरे भाई मुकेश कुमार ने पुलिस को रिपोर्ट दी है कि प्रियंका की शादी वर्ष 2019 में किठाना निवासी टेकचंद के साथ हुई थी। मृतका के ससुर उम्मेद आर्मी से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उसका पति टेकचंद भारतीय सेना में कार्यरत है और वर्तमान में श्रीनगर में तैनात है जो करीब दो महीने पहले ही छुट्टी काटकर ड्यूटी पर लौटा था।
पीहर पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज के लिए प्रियंका को परेशान किया जाने लगा। शादी में बाइक मिलने के बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था और लगातार कार लाने का दबाव बनाते हुए उसे आए दिन तिरस्कृत किया जाता था। मृतका के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा लोकेश (3.5 वर्ष) और छोटा बेटा यश (3-4 महीने) है। इस संबंध में सुल्ताना थाने के एसआई रामनिवास ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को पीहर पक्ष की ओर से रिपोर्ट मिल चुकी है, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गहन जांच के बाद ही मौत के असली कारणों और पूरे मामले का वास्तविक खुलासा हो सकेगा।