नशामुक्त युवा – विकसित भारत कार्यक्रम हुआ आयोजित
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । रतनगढ़ में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत ” कार्यक्रम की सफलता में सहभागी बनने का संकल्प अणुव्रत समिति द्वारा लिया गया। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पंडितपुर में आयोजित कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष कुलदीप व्यास ने राष्ट्रीय स्तर पर संचालित इस अभियान की जानकारी देते हुए नशामुक्ति के लिए शपथ ग्रहण करवाई । संपूर्ण देश में अनेक स्थानों पर एकसाथ हुए इस कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को देश के प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधित कर नशामुक्त भारत और विकसित राष्ट्र में पूर्ण सजगता के साथ सहयोग का आह्वान किया। इससे पूर्व ऑन लाइन चले प्रसारण में लघु नाटिका के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों और दृढ़ इच्छा शक्ति के बल पर परिवार और समाज के सहयोग से नशे पर विजयश्री प्राप्त करने का प्रभावी मंचन किया गया। समिति के सहमंत्री नरेंद्र सांकृत्य ने अणुविभा द्वारा संचालित अणुव्रत क्रिएटिविटी कॉन्टेस्ट में विद्यालयों द्वारा उत्साहपूर्वक किए जा रहे योगदान के लिए आभार प्रकट किया। इस अवसर पर अणुव्रत सेवा सारथी , अणुव्रत प्रबोधन प्रतियोगिता और इको इन्नोवेशन वीडियो कम्पीटीशन प्रकृति के प्रहरी 2.0 जैसी गतिविधियों की जानकारी भी दी गई ।
कार्यक्रम में जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा के अध्यक्ष मोतीलाल तातेड़, सचिव तेजपालसिंह गुर्जर, भारत विकास परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष वासुदेव चाकलान , एडवोकेट रामावतार ठठेरा , स्काउट गाइड स्थानीय संघ के सचिव राकेश कुमार , अणुव्रत समिति कार्यकारिणी सदस्य दौलत राम दायमा , वेदप्रकाश चौधरी , प्रभात बील , रमेश सिंधी , बनवारीलाल पारीक , गोपाल मुरारका आदि उपस्थित थे ।