122 मरीजों की जांच में चौंकाने वाला खुलासा, सबसे ज्यादा मुंह के कैंसर के मरीज, इलाज के बाद भी कई नहीं छोड़ रहे तंबाकू

संजय सोनी
झुंझुनूं   (नवयत्न)  ।   महात्मा गांधी अस्पताल जयपुर के श्रीराम कैंसर एवं सुपर स्पेशियलिटी सेंटर द्वारा नर सेवा नारायण सेवा संस्थान झुंझुनूं के सहयोग से आयोजित निशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग शिविर में झुंझुनूं जिले के मरीजों को लेकर चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। विशेषज्ञों ने बताया कि जिले में सबसे अधिक तंबाकू से जुड़े मुंह के कैंसर के मरीज सामने आ रहे हैं। चिंता की बात यह है कि कई मरीज इलाज करवाने के बावजूद तंबाकू नहीं छोड़ रहे। जिससे बीमारी दोबारा लौटने और इलाज के असर कम होने का खतरा बढ़ रहा है। नर सेवा नारायण सेवा संस्थान के सहयोग से बाबा गंगाराम अतिथि भवन में आयोजित शिविर में 122 मरीजों की जांच की गई। इस दौरान हजारों रुपए मूल्य की मैमोग्राफी, पैप स्मीयर, चेस्ट एक्स-रे और ओरल कैंसर स्क्रीनिंग पूरी तरह निशुल्क की गई। महात्मा गांधी अस्पताल की मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. प्रियंका चौधरी ने बताया कि शिविर में सबसे ज्यादा तंबाकू सेवन से जुड़े मुंह के कैंसर के मरीज मिले। उन्होंने कहा कि कई मरीज इलाज के साथ भी गुटखा और तंबाकू का सेवन जारी रखते हैं। ऐसी स्थिति में उपचार का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाता और कैंसर दोबारा होने की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि यदि स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की पहचान शुरुआती चरण में हो जाए तो इलाज सफल होने की संभावना काफी बढ़ जाती है और मरीज का खर्च भी बहुत कम आता है। शिविर में अस्पताल की अत्याधुनिक कैंसर संजीवनी मोबाइल स्क्रीनिंग यूनिट के जरिए महिलाओं की मैमोग्राफी, पैप स्मीयर, फेफड़ों के लिए चेस्ट एक्स-रे और मुंह के कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। सामान्य परिस्थितियों में इन जांचों पर मरीजों को हजारों रुपये खर्च करने पड़ते हैं, जबकि शिविर में सभी सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं। महात्मा गांधी अस्पताल के जनसंपर्क निदेशक वीरेंद्र पारीक ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग मुंह के छाले, गांठ या अन्य शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं। समय पर बायोप्सी और जांच नहीं कराने से कैंसर एडवांस स्टेज में पहुंच जाता है, जिससे इलाज कठिन हो जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि शुरुआती लक्षण दिखते ही कैंसर विशेषज्ञ से संपर्क करें। इससे पहले शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ छोटेलाल गुर्जर ने किया। जिन्होंने शिविर की प्रशंसा की। कैंप में महात्मा गांधी अस्पताल की ओर से मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. प्रियंका चौधरी के अलावा स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. नीलम तथा दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीवनी ने मरीजों को नि:शुल्क परामर्श एवं जांच सेवाएं प्रदान कीं। इस अवसर पर नर सेवा नारायण सेवा संस्थान के रामचंद्र मोदी, ओमप्रकाश मोदी, संजीव मोदी, अमित जगनानी, मुकेश गुप्ता, हरीश जगनानी, पवन अग्रवाल, विनोद सिंघानिया, दिनेश अग्रवाल, संजय शर्मा, संदीप केडिया, चंद्रमोहन अग्रवाल, प्रमोद जानूं, रूपेश तुलस्यान, श्रीकांत पंसारी, अनूप गाडिया, सुनील गुप्ता, गणेश हलवाई, परमेश्वर हलवाई, डॉ. डीएन तुलस्यान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
स्व. सुलोचना देवी मोदी की स्मृति में निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर
इस मौके पर नर सेवा नारायण सेवा संस्थान द्वारा स्व. सुलोचना देवी मोदी की पुण्य स्मृति में मोदी परिवार के सहयोग से विशाल निशुल्क नेत्र चिकित्सा एवं लेंस प्रत्यारोपण शिविर का आयोजन किया गया। नेत्र विशेषज्ञों द्वारा मरीजों की आंखों की संपूर्ण जांच की गई। जांच के बाद मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए योग्य पाए गए चयनित मरीजों का नि:शुल्क लेंस प्रत्यारोपण किया जाएगा। साथ ही, चयनित मरीजों के लिए दवाएं, चश्मा, रहने एवं भोजन की समस्त व्यवस्थाएं पूरी तरह नि:शुल्क रहेंगी।

You might also like