संदीप केडिया, सुदीप गोयल बने जिला महामंत्री, रामावतार अग्रवाल को मिली कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन (पूर्वी राजस्थान) ने झुंझुनूं जिले में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से नई जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की नियुक्ति की है। प्रदेश अध्यक्ष अशोक गर्ग एवं प्रदेश महामंत्री गोपाल अग्रवाल की ओर से जारी आदेश के अनुसार संदीप केडिया और सुदीप गोयल को जिला महामंत्री तथा रामावतार अग्रवाल को जिला कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। यह नियुक्तियां राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल एवं राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल की सहमति से की गई हैं।


सम्मेलन ने विश्वास जताया कि नवमनोनीत पदाधिकारी अपने अनुभव, सक्रियता और नेतृत्व क्षमता के बल पर झुंझुनूं जिले में अग्रवाल समाज को संगठित करने और संगठन की गतिविधियों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। नियुक्ति के बाद तीनों पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के साथ जिलाध्यक्ष श्यामसुंदर जालान नूआंवाला का आभार जताया। जिलाध्यक्ष श्यामसुंदर जालान नूआंवाला ने बताया कि शीघ्र ही वरिष्ठजनों से विचार-विमर्श कर जिला कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा। साथ ही आगामी सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की जाएगी। इन नियुक्तियों से जिले के अग्रवाल समाज में उत्साह का माहौल है।


पत्रकारिता और संगठनात्मक अनुभव का लाभ देंगे संदीप केडिया
चिड़ावा निवासी एवं वर्तमान में झुंझुनूं जिला मुख्यालय पर सक्रिय पत्रकार संदीप केडिया पूर्व में भी अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वे वर्तमान में अखिल भारतीय जर्नलिस्ट एंड मास मीडिया फेडरेशन के झुंझुनूं जिलाध्यक्ष भी हैं। संगठन को उनके अनुभव का लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
विशेष बच्चों की सेवा में 28 वर्षों से सक्रिय हैं सुदीप गोयल
नवलगढ़ निवासी सुदीप गोयल पिछले 28 वर्षों से बौद्धिक दिव्यांग एवं मूक-बधिर बच्चों की शिक्षा, पुनर्वास और सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। वे आशा का झरना संस्था के माध्यम से नवलगढ़, झुंझुनूं और सीकर में 300 से अधिक विशेष बच्चों के लिए विद्यालय संचालित कर रहे हैं। समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें कई राष्ट्रीय सम्मान भी मिल चुके हैं।
व्यापार और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं रामावतार अग्रवाल
झुंझुनूं शहर के छावनी बाजार निवासी युवा व्यापारी रामावतार अग्रवाल (पवन गुढ़ावाला) सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। वे वर्तमान में शहर के प्रमुख व्यापारी संगठन गल्ला व्यापार संघ में सचिव का दायित्व भी निभा रहे हैं। उनके संगठनात्मक अनुभव से सम्मेलन को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

You might also like