गुढ़ागौडज़ी के राजस्व मामलों के विरोध में झुंझुनूं के वकीलों का कार्य बहिष्कार

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। गुढ़ागौडज़ी तहसील से जुड़े राजस्व मामलों की सुनवाई झुंझुनूं के बजाय उदयपुरवाटी उपखंड अधिकारी के समक्ष किए जाने के विरोध में सोमवार को झुंझुनूं के अधिवक्ताओं ने न्यायालयों में स्वेच्छा से कार्य का बहिष्कार किया। वकीलों ने कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर धरना देकर सरकार के निर्णय का विरोध जताया। अधिवक्ताओं का कहना है कि गुढ़ागौडज़ी तहसील क्षेत्र के लोगों की सुविधा और न्यायिक हितों को देखते हुए सभी राजस्व मामलों की सुनवाई पहले की तरह झुंझुनूं में ही होनी चाहिए। उनका कहना है कि सुनवाई का स्थान बदलने से आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। धरने के बाद अधिवक्ताओं ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में भगवान सिंह शेखावत, मदन सिंह गिल, उम्मेदराज सैनी, किरण बियाला, विक्रम दुलड़, नफीस खान सहित अनेक अधिवक्ता शामिल रहे। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर मंगलवार को भी न्यायालयों में स्वेच्छा से कार्य का बहिष्कार जारी रहेगा।

You might also like