अवैध अतिक्रमण पर नगरपालिका ने की कार्रवाई
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी कस्बे के चांदमारी रोड़ पर नगरपालिका की जमीन पर हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ नगरपालिका प्रशासन ने गुरुवार को सख्त कार्रवाई करते हुए कब्जा हटाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी मशीन की सहायता से किए जा रहे निर्माण एवं अतिक्रमण को हटाया गया।
जानकारी के अनुसार चांदमारी रोड़ पर खाली जमीन पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर मकान निर्माण का प्रयास किया जा रहा था। इसकी सूचना मिलने पर नगरपालिका प्रशासन हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन से अवैध निर्माण को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
नगरपालिका ईओ नागरमल गुर्जर ने बताया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में सार्वजनिक एवं सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा के लिए समय-समय पर अभियान चलाया जाएगा और जहां भी अतिक्रमण मिलेगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी के कारण पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। अधिकारियों ने संबंधित लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोबारा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने का प्रयास किया गया तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ राजस्थान नगर पालिका अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगरपालिका प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे सरकारी भूमि पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण न करें तथा यदि कहीं अतिक्रमण की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें। प्रशासन का कहना है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार का अभियान लगातार जारी रहेगा। इस मौके पर नायब तहसीलदार धीरेन्द्र यादव, ईओ नागरमल, नगरपालिका एसआई सुनील सैनी, नगेंद्र कुमार, खेतड़ी थाने से एएसआई महिपाल सिंह, कैलाश चंद सहित पुलिस जाब्ता तैनात था।