भारतीय मजदूर संघ का 17 अगस्त को देशव्यापी धरना
संजय सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न)। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के आह्वान पर 17 अगस्त को राजस्थान सहित देशभर में 11 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। झुंझुनूं में भी विभिन्न विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, बैंक, डाक, बीमा, उद्योगों, संविदा कर्मचारियों, योजना कर्मियों और असंगठित क्षेत्र के श्रमिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे। भारतीय मजदूर संघ ने कहा कि संगठन अपनी स्थापना से ही राष्ट्रहित, उद्योगहित और श्रमिकहित के सिद्धांत पर काम कर रहा है। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि बढ़ती महंगाई, अस्थायी रोजगार, सामाजिक सुरक्षा की कमी और वेतन संबंधी विसंगतियों से श्रमिक वर्ग परेशान है। इन समस्याओं के समाधान के लिए सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग की जाएगी।
इन प्रमुख मांगों को लेकर होगा प्रदर्शन
बीएमएस ने केंद्र सरकार के सामने 11 प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें ईएसआईसी वेतन सीमा 21 हजार से बढ़ाकर 42 हजार रुपये करने, न्यूनतम ईपीएफ पेंशन 7,500 रुपये प्रतिमाह करने, ईपीएफ वेतन सीमा 30 हजार रुपये करने, राष्ट्रीय न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये प्रतिमाह तय करने, संविदा कर्मचारियों को समान कार्य के लिए समान वेतन, योजना कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि, बैंक कर्मचारियों के लिए पांच दिवसीय कार्य सप्ताह और ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा 40 लाख रुपये करने जैसी मांगें शामिल हैं।