स्पर्श अभियान : आईएएस नवीन जैन 15 हजार बच्चों को करेंगे जागरूक
सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। जिला प्रशासन के सहयोग से चल रहे जागरूक झुंझुनूं अभियान के तहत शनिवार को स्पर्श अभियान के प्रणेता एवं प्रभारी सचिव, आईएएस अधिकारी नवीन जैन जिले के विभिन्न सरकारी और निजी विद्यालयों में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। इस दौरान स्पर्श टीम जिलेभर में करीब 15 हजार बच्चों और किशोर-किशोरियों को सुरक्षा और जीवन कौशल से जुड़े विषयों पर जागरूक करेगी। कार्यक्रम समन्वयक प्रमेन्द्र कुल्हार ने बताया कि जागरूकता सत्रों में विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच, व्यक्तिगत सुरक्षा, अनुचित व्यवहार से बचाव, साइबर सुरक्षा, आत्मविश्वास बढ़ाने और करियर मार्गदर्शन जैसे विषयों की आसान और व्यवहारिक जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य बच्चों को किसी भी गलत परिस्थिति में सही निर्णय लेने और अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है। स्पर्श अभियान के राज्य समन्वयक डॉ. सौरभ जैन ने बताया कि वर्ष 2019 से चल रहे इस अभियान के तहत अब तक देशभर के 7,257 संस्थानों में 9,356 जागरूकता सत्र आयोजित किए जा चुके हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से 20.73 लाख से अधिक बच्चों, किशोरों, शिक्षकों और अभिभावकों को बाल सुरक्षा और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया है। उन्होंने बताया कि स्पर्श अभियान का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें जागरूक व जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है। झुंझुनूं में आयोजित यह अभियान भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।