बिट्स में दाखिला करवाने के नाम पर लाखों की ठगी
निसं
पिलानी (नवयत्न) । बिट्स में दाखिला करवाने के नाम पर दो अलग अलग लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने अभिभावकों की शिकायतों पर अलग अलग एफ्आईआर दर्ज की है। थानाधिकारी अलका बिश्नोई ने बताया कि इंदौर, मध्यप्रदेश निवासी अमित गावशिंदे ने मामला दर्ज करवाया है कि उस के बेटे प्रणव ने बिट्स प्रवेश परीक्षा दी थी मगर सफलता नहीं मिली। इसी दौरान कबीर सिंह नामक व्यक्ति ने फोन पर सम्पर्क कर बिट्स में दाखिला करवाने की गारंटी देते हुए बदले में सत्रह लाख रुपयों की मांग की। थानाधिकारी ने बताया कि अभिभावक ने आरोपी कबीर के कहे अनुसार दो लाख रूपये ऑन लाईन तथा 15 लाख नगद पिलानी में सौंप दिए। आरोप है कि परिजन जब कबीर के द्वारा दिए गए दाखिले के दस्तावेज लेकर बिट्स एडमिशन ऑफिस पहुंचे तो बिट्स प्रशासन ने लेटर कुटरचित एवं फर्जी होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अमित गावशिंदे ने कबीर सिंह, तानिया एवं सुमित वर्मा के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। थानाधिकारी ने बताया कि दिल्ली के रोहिणी नगर निवासी नितिन मित्तल ने भी इसी प्रकार रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि उस के बेटे का दाखिला बिट्स में करवाने के अखिलेश चौधरी नामक व्यक्ति ने उस के परिवार से सम्पर्क कर खुद की कंसल्टेंसी फर्म बताते हुए सात लाख रूपयों में बिट्स में प्रवेश दिलवाने का प्रस्ताव रखा। दोनों पक्षों में सहमती होने पर नितिन मित्तल ने अखिलेश चौधरी के बताए अनुसार राशि का भुगतान कर दिया। बदले में अखिलेश चौधरी तथा उस की टीम ने नितिन को बिट्स की ईमेल से प्रवेश होने की जानकारी दे दी। पुलिस के अनुसार परिवार के लोग जब बेटे को बिट्स में छोडऩे आए तो ठगी की जानकारी मिली। थानाधीकारी ने बताया कि नितिन मित्तल ने अखिलेश चौधरी , प्रिया एवं देवकृष्ण के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।