गौशाला में महिला कार्य समिति ने मनाया श्रावणी महोत्सव
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । कस्बे की श्री राजलदेसर गौशाला में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महिला कार्य समिति की ओर से एक दिवसीय श्रावणी महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव के दौरान गौशाला परिसर में दिनभर मेले भरा बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों एवं लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ महिला कार्य समिति की अध्यक्षा पुष्पा शर्मा ने गौ माता के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों एवं बालिकाओं ने राजस्थानी एवं धार्मिक गीतों पर एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में करीब 78 छात्राओं एवं बालिकाओं ने भाग लिया। शानदार प्रस्तुतियां देने वाली 78 प्रतिभागियों को महिला कार्य समिति की ओर से उपहार देकर सम्मानित किया गया। महोत्सव के दौरान मेकअप सेमिनार का भी आयोजन किया गया। इसमें मेकअप आर्टिस्ट लक्ष्या सैनी ने उपस्थित बालिकाओं एवं महिलाओं को मेकअप से जुड़ी विभिन्न जानकारियां दीं तथा मेकअप के आधुनिक तरीकों के बारे में बताया एवं लाइव मेकअप डेमो भी दिखाया गया । दिनभर गौशाला परिसर में मेले का आयोजन भी हुआ। मेले में लगाए गए विभिन्न प्रकार के झूले बच्चों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अलावा खाने-पीने की विभिन्न स्टॉल भी लगाई गईं, जिनमें चाट, पकौड़े, आइसक्रीम सहित अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध रही। महिलाओं एवं बच्चों ने मेले का जमकर आनंद लिया। इस अवसर पर महिला कार्य समिति की रुक्मणी पारीक, संतोष स्वामी, पुष्पा स्वामी, कांता प्रजापत, पिंकी मारू, रेखा मारू, गुलाब सोनी, सुमन सेन, शकुंतला, द्रोपती पारीक, मोहिनी सोनी, अनीता जालान सहित समिति की अन्य सदस्य मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन रीटा लाटा ने किया।