साइबर अपराध, बाल विवाह एवं कानूनी जानकारी विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । तालुका विधिक सेवा समिति, तारानगर की ओर से पूनिया की ढाणी गांव के सरकारी विद्यालय में साइबर अपराध, बाल विवाह एवं कानूनी जानकारी विषय पर कानूनी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पीएलवी: कृष्णा भाकर ने
बच्चों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें इंटरनेट, मोबाइल फोन और सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक उपयोग करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी, फोटो, पासवर्ड या ओटीपी साझा नहीं करना चाहिए और साइबर अपराध से संबंधित किसी भी घटना की जानकारी तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या संबंधित अधिकारी को देनी चाहिए।
इसके साथ ही बच्चों को बाल विवाह के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि कम उम्र में विवाह होने से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। बाल विवाह को रोकने के लिए बनाए गए कानूनी प्रावधानों एवं बच्चों के अधिकारों की जानकारी देते हुए उन्हें बाल विवाह के विरुद्ध जागरूक किया गया तथा किसी भी प्रकार की समस्या या दबाव की स्थिति में उचित सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।