कावड़ियों ने शिवालयों में किया जलाभिषेक
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । श्रावण मास के दूसरे सोमवार को राजलदेसर कस्बे में भगवान शिव की भक्ति का विशेष उत्साह देखने को मिला। भोले बाबा त्यागी ग्रुप के 21 सदस्य कावड़ियों का दल शेखावाटी के प्रवेश तीर्थस्थल लोहार्गल से कावड़ में पवित्र जल लेकर राजलदेसर पहुंचा। कावड़ियों के राजलदेसर पहुंचने पर कस्बेवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर एवं स्वागत करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। कावड़ यात्रा के दौरान पूरा माहौल भोलेनाथ के जयकारों से भक्तिमय नजर आया। कावड़ संघ के अध्यक्ष संतलाल पारीक, भवानी घोड़ेला, महेंद्र महावर सहित अन्य सदस्यों के नेतृत्व में कावड़ियों ने कस्बे के विभिन्न शिवालयों में पहुंचकर विधि-विधान से जलाभिषेक किया। कावड़ियों ने भूतनाथ शिवालय, संकट मोचन मंदिर, अंजनी माता मंदिर, संतोषी माता मंदिर, गंगानाथ महाराज की बगीची तथा हरिराम बाबा मंदिर परिसर स्थित शिवालय में भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान कावड़ियों ने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिरों में जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ रही तथा हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।