लहरिया के रंग में रंगा एसएस मोदी, 600 महिलाओं ने मनाया तीज का जश्न

सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। शहर के गौरव पथ स्थित एसएस मोदी विद्या विहार में हरियाली तीज के अवसर पर लहरिया 5.0 महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर की 600 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। विद्यालय परिसर में राजस्थानी संस्कृति और सावन की झलक देखने को मिली। महिलाओं ने पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में सज-धजकर कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश और मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद राजस्थानी लोकगीत, घूमर नृत्य, झूला और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां हुईं। राजस्थान की लोक गायिका पूजा जांगिड़ ने राजस्थानी लोकगीतों की प्रस्तुति दी। उनके गीतों पर महिलाओं ने जमकर उत्साह दिखाया और घूमर नृत्य किया। भारती ने मंच संचालन किया। महोत्सव में महिलाओं के लिए विभिन्न खेल और मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। झूला, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सेल्फी कॉर्नर आकर्षण का केंद्र रहे। महिलाओं ने मेहंदी, कजरा और गजरा से तीज के पारंपरिक रंग को और खास बनाया।
विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल ने कहा कि आधुनिकता के दौर में युवा पीढ़ी धीरे-धीरे अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं से दूर हो रही है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और पारंपरिक पर्वों से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। तीज राजस्थान की आस्था, प्रेम और उमंग का पर्व है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विद्या अग्रवाल, हर्षिनी कुलहरी, सोनू जांगिड़, डॉ. स्मीता तोमर, डॉ. अनुश्री, साक्षी जांगिड़ सहित अन्य अतिथियों और महिलाओं का सम्मान किया गया। शहर की गणमान्य महिला अधिकारियों की मौजूदगी से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ी।
कार्यक्रम का आयोजन इन्फिनिटी ग्लो ब्यूटी सैलून, अनुश्री डायग्नोस्टिक सेंटर, शिवम अस्पताल और श्री नवरंग ज्वैलर्स के प्रायोजन से किया गया। मुंबई प्रवासी ट्रस्टी शशिकांत मोदी, गिलूराम मोदी, सौरभ मोदी, प्रियंक मोदी और कनिका मोदी ने सभी को तीज की शुभकामनाएं दीं। महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी और राजस्थानी लोक संस्कृति की झलक के साथ लहरिया 5.0 यादगार रहा।

You might also like