कौशल प्रशिक्षण के बाद युवाओं को रोजगार भी मिले, सरकार इसकी व्यवस्था करे – ओला

सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। सांसद बृजेंद्र सिंह ओला ने लोकसभा में तारांकित प्रश्न के जरिए झुंझुनूं जिले में कौशल विकास प्रशिक्षण और प्रशिक्षण के बाद युवाओं को मिले रोजगार का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार से पूछा कि जिले में कितने युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया, कौन-कौन से कार्यक्रम चलाए गए और प्रशिक्षण के बाद कितने युवाओं को रोजगार मिला। ओला ने स्थानीय उद्योगों में नौकरी पाने वाले और स्वरोजगार से जुडऩे वाले युवाओं की संख्या की जानकारी भी मांगी। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से लोकसभा में झुंझुनूं जिले से संबंधित स्पष्ट जिला-वार आंकड़े प्रस्तुत नहीं किए गए। स्थानीय जरूरतों के अनुसार स्वीकृत प्रशिक्षण कार्यक्रमों और उनसे मिले रोजगार का भी स्पष्ट ब्यौरा सामने नहीं आया। सांसद ने कहा कि सरकार की ओर से प्रशिक्षण प्राप्त उम्मीदवारों को अधिक नियुक्तियां देने की बात कही गई है। ऐसे में यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए कि ये नियुक्तियां कब दी जाएंगी।
स्थानीय जरूरत के हिसाब से हो प्रशिक्षण
ओला ने मांग की कि झुंझुनूं लोकसभा क्षेत्र के लिए जिला स्तर की कौशल विकास योजना तैयार की जाए। प्रशिक्षण को स्थानीय उद्योगों, कृषि एवं कृषि आधारित गतिविधियों, खाद्य प्रसंस्करण, पर्यटन, नवीकरणीय ऊर्जा, एमएसएमई और खेल क्षेत्र की जरूरतों से जोड़ा जाए। प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं को इसके बाद रोजगार, स्थानीय स्तर पर प्लेसमेंट और स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि केवल प्रशिक्षण देना और प्रमाण-पत्र बांट देना कौशल विकास की सफलता नहीं है। इसकी असली सफलता तब होगी, जब प्रशिक्षण लेने वाले युवा को उसकी योग्यता के अनुसार रोजगार मिले, उसकी आय बढ़े और वह सम्मानजनक व स्थायी आजीविका हासिल कर सके। सरकार को प्रशिक्षण से लेकर रोजगार और प्लेसमेंट तक की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।

You might also like