छात्रसंघ चुनाव बहाली और छात्रावास निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन
सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। छात्रसंघ चुनाव बहाल करने और छात्रावास निर्माण की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की झुंझुनूं नगर इकाई के कार्यकर्ताओं ने श्री राधेश्याम आर. मोरारका राजकीय महाविद्यालय में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए छात्रसंघ चुनाव जल्द बहाल करने और विद्यार्थियों के लिए छात्रावास बनाने की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद कॉलेज प्रशासन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्रसंघ चुनाव बहाल करने और विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक अधिकार देने की मांग को लेकर नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोडऩे और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का माध्यम हैं। चुनाव के जरिए विद्यार्थी अपनी समस्याओं को प्रतिनिधियों के माध्यम से प्रशासन के सामने रख सकते हैं। अभाविप जिला संयोजक नितेश तिवाड़ी बजावा ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। विद्यार्थियों को अपनी बात रखने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराने के लिए चुनाव जल्द बहाल किए जाने चाहिए। विभाग संगठन मंत्री बलवीर सैनी ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव सिर्फ चुनावी प्रक्रिया नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की आवाज को सामने रखने का माध्यम हैं। सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन को राजस्थान विश्वविद्यालय सहित प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव जल्द करवाने चाहिए।
छात्रावास की भी उठाई मांग
अभाविप कार्यकर्ताओं ने कॉलेज में छात्रावास निर्माण की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी पढऩे के लिए आते हैं। ऐसे विद्यार्थियों के लिए कॉलेज में सुविधायुक्त छात्रावास की आवश्यकता है। छात्रावास बनने से विद्यार्थियों को रहने की सुविधा के साथ बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सकेगा। प्रांत टोली एसएफएस सदस्य अभय सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को उनका लोकतांत्रिक अधिकार मिलने तक अभाविप अपनी आवाज उठाती रहेगी। छात्रसंघ चुनाव बहाली और छात्रहित से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर संगठन का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। प्रदर्शन में कुणाल, सौरभ बुडानिया, निशांत शर्मा, अमन लांबा, मोहित, जितेंद्र कुमावत, कनिष्क सैन, अनुराग, भव्या, प्रवीण, राहुल मोगा, प्रशांत, अनीश, वंशदीप, तम्मना जांगिड़, योगिता, निशु, स्वाती, उजाला शर्मा सहित बड़ी संख्या में अभाविप कार्यकर्ता और विद्यार्थी मौजूद रहे।