दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न) । शहर में बढ़ती वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए जयपुर कमिश्नरेट की विशेष टीम (सीएसटी) ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। दोनों आरोपी वैशाली नगर और अशोक नगर थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों में वांछित चल रहे थे। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) संजीव नैन ने बताया कि सीएसटी टीम ने आसूचना संकलन और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर कार्रवाई की। टीम ने महेश नगर थाना क्षेत्र से दोनों आरोपियों को दबोचा। पुलिस ने शकील (25) पुत्र खाजू खां, निवासी टीला नंबर-1, जवाहर नगर कच्ची बस्ती, थाना जवाहर नगर, जयपुर तथा काना सेन (19) पुत्र विजय सिंह, निवासी हाल आमागढ़ पर्वत कॉलोनी, टीपी नगर, जयपुर को गिरफ्तार किया है। काना सेन मूल रूप से मथुरा दरवाजा, दही वाली गली, भरतपुर का निवासी है।
जांच में सामने आया कि खातीपुरा रोड, वैशाली नगर निवासी अजय कुमार सोनी ने 4 अगस्त को वैशाली नगर थाने में बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार 3 अगस्त को उन्होंने अपनी हीरो होंडा पैशन प्लस मोटरसाइकिल (आरजे 14 बीएस 2921) अटल उद्यान स्थित शिव मंदिर के सामने खड़ी की थी। कुछ समय बाद लौटने पर बाइक गायब मिली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
दूसरी वारदात में करधनी निवासी हंसराज शर्मा ने 9 अगस्त को अशोक नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 18 जुलाई को सरोजनी मार्ग चौराहा, सी-स्कीम के पास खड़ी उनकी काले रंग की प्लेटिना बाइक (आरजे 14 एचआर 8454) चोरी हो गई। इस मामले में भी पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।
सीएसटी टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र से जुटाई गई जानकारी के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके कब्जे से दोनों चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। पुलिस अब आरोपियों से शहर में हुई अन्य वाहन चोरी की वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।

You might also like