बिसाऊ में बाल संसद चुनाव, आयशा बनी प्रधानमंत्री
निसं
बिसाऊ (नवयत्न)। सेठ दुर्गा दत्त जटिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को बाल संसद चुनाव 2026-27 का आयोजन किया गया। चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान, नेतृत्व, जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों का व्यावहारिक अनुभव कराया गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न पदों के लिए उत्साह के साथ मतदान किया।
चुनाव के लिए प्रत्याशियों को अलग-अलग चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। विद्यार्थियों ने मतपत्र के माध्यम से अपने प्रतिनिधियों का चुनाव किया। मतदान और मतगणना की प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से कराई गई। चुनाव परिणाम में कक्षा 12 कला वर्ग की छात्रा आयशा को बाल संसद का प्रधानमंत्री और कक्षा 11 विज्ञान वर्ग के छात्र आर्यन को उपप्रधानमंत्री चुना गया। इसके अलावा विभिन्न विभागों के लिए मंत्रियों और अन्य पदाधिकारियों का चयन किया गया।
नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री, उपप्रधानमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्यों को शपथ दिलाई गई। विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी दिए गए। विद्यार्थियों ने विद्यालय के विकास, स्वच्छता, अनुशासन, पर्यावरण संरक्षण और विद्यार्थी हित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार सुरा ने नवनिर्वाचित बाल संसद को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाल संसद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उपप्रधानाचार्य कंचन शेखावत ने भी सभी निर्वाचित विद्यार्थियों को बधाई दी।
बाल संसद प्रभारी व्याख्याता नवीन कुमार ने चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित कराने में विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ का मार्गदर्शन किया। शपथ ग्रहण समारोह का संचालन विजय सिंह रेवाड़ ने किया। विद्यालय परिवार ने नवनिर्वाचित बाल संसद को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।