दो भाइयों को झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर मांगे 10 लाख

निसं
जयपुर (नवयत्न) । मानसरोवर थाना इलाके में ब्लैकमेलिंग और हनीट्रैप का मामला सामने आया है। एक युवती पर युवक को प्रेमजाल में फंसाने के बाद उसके और बड़े भाई को झूठे दुष्कर्म मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी देकर 10 लाख रुपए मांगने का आरोप है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर मानसरोवर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हेड कांस्टेबल मदनलाल के अनुसार, मानसरोवर निवासी 26 वर्षीय युवक ने थाने में शिकायत दी कि करीब एक वर्ष पहले उसके छोटे भाई की युवती से मुलाकात हुई थी। बातचीत के बाद दोनों में दोस्ती हुई और युवती ने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया। बाद में वह युवक पर शादी का दबाव बनाने लगी। इनकार करने पर कथित रूप से मानसिक प्रताड़ना शुरू कर दी।
शिकायत के अनुसार, युवक द्वारा दूरी बनाने पर युवती ने दोनों भाइयों को झूठे रेप केस में फंसाने और जेल भिजवाने की धमकी देना शुरू कर दिया। वॉट्सऐप कॉल के जरिए परिवार से 10 लाख रुपए की मांग की गई और रुपए नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। लगातार धमकियों से परेशान परिवार ने पुलिस की शरण ली। पुलिस ने ब्लैकमेलिंग और रंगदारी की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है।

You might also like