कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा : मीणा
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । राजलदेसर पुलिस थाना परिसर में मंगलवार को पुलिस महानिदेशक की ऑनलाइन उपस्थिति में सीएलजी सदस्यों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में साइबर क्राइम, नशाखोरी की रोकथाम, अपराध नियंत्रण एवं कस्बे में शांति व्यवस्था बनाए रखने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में थाना प्रभारी बेगाराम मीणा, तहसीलदार प्यारेलाल मीणा, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सीताराम मीणा सहित सीएलजी सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने कस्बे की विभिन्न समस्याओं को लेकर सुझाव दिए। सदस्यों ने बेसहारा पशुओं की समस्या के स्थायी समाधान, पार्किंग व्यवस्था में सुधार तथा सुरक्षा की दृष्टि से हर घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवाने सहित अन्य मुद्दे उठाए। थाना प्रभारी बेगाराम मीणा ने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों, नशे के कारोबार में लिप्त लोगों तथा साइबर फ्रॉड करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कस्बे में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर पुलिस की लगातार नजर रहेगी। थाना प्रभारी ने कस्बेवासियों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को पुलिस से संबंधित कोई समस्या हो तो वह सीधे पुलिस से संपर्क कर सकता है। उन्होंने कहा कि उनका मोबाइल फोन 24 घंटे चालू रहेगा और आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा। तहसीलदार प्यारेलाल मीणा ने आगामी 15 अगस्त के राष्ट्रीय पर्व को आपसी भाईचारे एवं उत्साह के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कस्बे में सभी लोग मिलजुलकर रहें और शांति एवं सौहार्द का माहौल बनाए रखें। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सीताराम मीणा ने कहा कि नगर पालिका की ओर से कस्बे में साफ-सफाई एवं रोशनी व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बैठक में विक्रम शर्मा, दौलतराम जाट सहित अन्य सदस्यों ने अपने विचार एवं सुझाव रखे। इस अवसर पर पूनमचंद गर्ग, महिला कार्य समिति की सदस्य कमला प्रजापत , मोनिका प्रजापत सहित सीएलजी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।