10 करोड़ नशामुक्ति संकल्प अभियान, युवाओं ने ली नशे से दूर रहने की शपथ
सुमेर मीणा
उदयपुरवाटी (नवयत्न)। ब्रह्माकुमारीज की ओर से चलाए जा रहे 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के तहत श्री टोडरमल महाविद्यालय में कार्यक्रम हुआ। प्राचार्य डॉ. सोमेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में एडवोकेट मोतीलाल सैनी अतिथि रहे। मुख्य वक्ता वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका ब्रह्माकुमारी सुनीता दीदी थीं। सुनीता दीदी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि युवाओं में मादक पदार्थों के साथ-साथ मोबाइल, सोशल मीडिया, दिखावे और फैशन का बढ़ता आकर्षण भी चिंता का विषय है। सकारात्मक सोच, अच्छे विचार और आध्यात्मिकता से व्यक्ति इन बुराइयों से दूर रह सकता है।
उन्होंने कहा कि 10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति का संकल्प दिलाने का लक्ष्य केवल अभियान नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता लाने का प्रयास है। उन्होंने विद्यार्थियों को राजयोग ध्यान का अभ्यास कराया और स्वयं नशामुक्त रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की सामूहिक शपथ दिलाई। एडवोकेट मोतीलाल सैनी ने कहा कि नशे की समस्या का असर स्वास्थ्य के साथ परिवार, शिक्षा और समाज पर भी पड़ता है। ऐसे अभियानों से लोगों में जागरूकता और आत्मसंयम बढ़ेगा। प्राचार्य डॉ. सोमेश कुमार सिंह ने कहा कि नशामुक्त समाज के लिए युवाओं और आमजन की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज संस्थान की ओर से किए जा रहे जनजागरण कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थियों ने नशामुक्ति की प्रतिज्ञा ली।