टीवी एक्टर मनमीत ग्रेवाल ने कर्ज की वजह से खुद को फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
नई दिल्ली,17 मई। टीवी एक्टर मनमीत ग्रेवाल ने आत्महत्या कर ली है। कई सीरियल्स में सिख किरदार निभाने वाले मनमीत ने शुक्रवार को अपने नवी मुंबई स्थित घर में खुद को फांसी लगा ली। बताया जा रहा है कि मनमीत कोई भी काम ना मिलने और अपने कर्ज से परेशान होकर शुक्रवार को उन्होंने अपने बेडरुम में खुद को फांसी लगा ली। इस दौरान उनकी पत्नी ने उन्हें बचाने की कोशिश की और पड़ोसियों भी मदद मांगी, लेकिन कोरोना वायरस के डर से कोई मदद के लिए आगे नहीं आया।मनमीत ने अपने दोस्त से पर्सनल और प्रोफेशनल काम के लिए पैसे भी उधार ले रखे थे। लॉकडाउन के बाद से काम पूरी तरह बंद था और वो अपनी जिंदगी को लेकर काफी परेशान था।
कोरोना के डर से किसी ने नहीं की मदद
शुक्रवार रात को, एक्टर ने ओढ़नी की मदद से पंखे से लटककर अपनी जान दे दी।मनमीत की पत्नी ने उनके पांव पकड़कर उन्हें बचाने की कोशिश भी की और मदद के लिए चिल्लाई। लेकिन कोई भी उनकी मदद के लिए सामने नहीं आया। उसके बाद पड़ोसी की ओर से जानकारी देने के बाद पुलिस आई और सिक्योरिटी गार्ड ने ओढ़नी को काटकर मनमीत को नीचे उतारा। इसके बाद एक्टर को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। खालखर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मनमीत अपने सिख किरदारों के लिए जाने जाते थे और सीरियल्स के अलावा कई ऐड फिल्म्स में काम किया था।