स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में एबीवीपी ने निकाली विशाल तिरंगा यात्रा
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । रतनगढ़ में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई के द्वारा स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से शहर का वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।
तिरंगा यात्रा ताल वाले बालाजी से प्रारंभ होकर अशोक स्तंभ, घंटाघर होते हुए धानुका कुएं पर पहुंचकर संपन्न हुई।
इस अवसर पर विद्यार्थी परिषद के प्रांत सह मंत्री लक्ष्मण प्रजापत ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने के उद्देश्य से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया है। नगर मंत्री दिव्या ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर शहीदों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके कारण हम आज स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं। इस दौरान जिला संयोजक जय सिंह राठौड़, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य रामरतन सिहाग, नगर सह मंत्री अनुज, हेमलता, उजेशा, गोविंद सिंह, खुशबू, स्नेहा, बबीता, कशिश आशु सहित अनेक कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।