पूर्व नेता प्रतिपक्ष राठौड़ की मौजूदगी में कांग्रेस पार्षद रेखा शर्मा सहित अनेक लोगों ने की भाजपा ज्वाइन
सुभष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। निकाय व पंचायत चुनाव से पहले कस्बे में कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। वार्ड 28 से निवर्तमान पार्षद रेखा शर्मा व पूर्व पार्षद राखी शर्मा सहित हवाई पंडित परिवार के साथ सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया है। शुक्रवार को योगी आसन महंत गंगनाथ महाराज के सान्निध्य व भाजपा जिला महामंत्री चंद्राराम गुरी की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं ने भाजपा को ज्वाइन किया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि चुरू विधायक हरलाल सहारण थे। इस मौके पर राठौड़ ने कहा कि 50 वर्ष तक कांग्रेस में रहने बाद पार्षद रेखा शर्मा सहित कार्यकर्ताओं ने जो पार्टी के प्रति आस्था जताई है, उनका पूरा मान सम्मान होगा। इस लोकतंत्र में राजनीतिक विचारधारा, दलों के सिद्धांतों व शीर्ष नेताओं की बहुत बड़ी भूमिका रहती है। भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, जिसमें 18 करोड़ से अधिक कार्यकर्ता है। देश प्रदेश में कांग्रेस सिकुड़ती जा रही है, जिले में नेताओं की मौका परस्ती व अनदेखी से तंग आकर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पार्टी का दामन थामा है, इसके लिए सभी की भावनाओं व विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस दौरान राठौड़ ने सभी कार्यकताओं को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा, प्रोदिलीप पुनिया, महावीर पुनिया, जसवंत स्वामी, जमरदीन तेली, अनूप खंडेलवाल, सुशील सरावगी, दीपक शर्मा, कमल शर्मा, नरेश शर्मा, मंगल शर्मा सहित कार्यकर्ता मौजूद थे।