राजकीय महाविद्यालय भवन का हुआ शिलान्यास
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। विधानसभा क्षेत्र के जालपाली में सोमवार को राजकीय महाविद्यालय, श्रीमाधोपुर के नवीन भवन निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने शिलान्यास कर कार्यक्रम को संबोधित किया। करीब 3.40 करोड़ की लागत से बनने वाला महाविद्यालय भवन दो मंजिला होगा। भवन में कुल 20 कमरों का निर्माण प्रस्तावित है। इनमें 10 कमरे भूतल तथा 10 कमरे प्रथम तल पर होंगे। नवीन भवन बनने से विद्यार्थियों को बेहतर एवं आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। मंत्री खर्रा ने कहा कि श्रीमाधोपुर क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नवीन भवन क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि श्रीमाधोपुर में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना की मांग लंबे समय से चली आ रही थी। पूर्व में भी महाविद्यालय भवन के निर्माण के लिए जनसहयोग की पहल की गई थी। अब नवीन भवन के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को इसका स्थायी लाभ मिलेगा। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए शिक्षा, चिकित्सा और अन्य क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। राजस्थान के विद्यार्थियों की प्रतिभा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा प्रतियोगी परीक्षाओं के साथ मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। शिलान्यास कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय के प्राचार्य एवं स्टाफ, विद्यार्थी तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। मंत्री खर्रा के दो दिवसीय दौरे के दौरान क्षेत्र में विभिन्न सड़क विकास कार्यों के शिलान्यास तथा स्वास्थ्य केंद्रों के नवीन भवनों के लोकार्पण कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।