नेवी जवान और पत्नी का एक चिता पर अंतिम संस्कार, दोनों बच्चों को दफनाया, छोटे भाई ने दी मुखाग्नि

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। मुंबई में मृत मिले नौसेना के जवान पूरणमल मेहरा (30), उनकी पत्नी ओमा मेहरा (26) और दोनों बच्चों का सोमवार को पैतृक गांव ककराना में अंतिम संस्कार किया गया। चारों के शव सेना के वाहन से गांव लाए गए। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन शामिल हुए। पूरणमल और उनकी पत्नी का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। छोटे भाई मुकेश कुमार ने मुखाग्नि दी। तीन वर्षीय बेटे यश और तीन महीने की बेटी को परिजन गोद में लेकर श्मशान घाट पहुंचे। दोनों बच्चों को दफनाया गया। इस दौरान गांव में हर आंख नम थी और बड़ी संख्या में लोग अंतिम संस्कार में शामिल हुए। श्मशान घाट में पूरणमल को सैन्य सम्मान दिया गया। सेना के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया और उनके पिता शंभू दयाल को तिरंगा सौंपा।
2015 में नौसेना में भर्ती हुए थे पूरणमल
परिजनों के अनुसार पूरणमल वर्ष 2015 में जोधपुर से नौसेना में भर्ती हुए थे। वर्ष 2020 में उनकी शादी सीकर जिले के खंडेला निवासी ओमा मेहरा से हुई थी। करीब 9 महीने पहले वह गांव आए थे। परिवार से उनकी आखिरी फोन पर बातचीत करीब छह दिन पहले हुई थी। इसके बाद परिजन लगातार फोन कर रहे थे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
पूरणमल तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। बड़े भाई बृजलाल मेहरा सेना में हैं, जबकि छोटा भाई मुकेश गांव में रहता है। पिता शंभू दयाल किराना दुकान चलाते हैं।
15 अगस्त को मुंबई में मिले थे चारों के शव
15 अगस्त को मुंबई के हाई-सिक्योरिटी नेवी नगर, कोलाबा स्थित सरकारी आवास में पूरणमल का शव मिला था। कमरे में उनकी पत्नी और दोनों बच्चों के शव भी मिले थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। पुलिस मानसिक तनाव और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने की बात सामने आई है। मुंबई पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

You might also like