पटवार संघ की 7 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन तेज, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। राजस्थान पटवार संघ ने अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं के समाधान को लेकर राज्य सरकार और राजस्व विभाग के खिलाफ आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। संघ का आरोप है कि लंबे समय से मांगों और ज्ञापनों के माध्यम से सरकार एवं विभाग का ध्यान आकर्षित करवाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। इसके विरोध में संघ की ओर से चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की गई है। पटवार संघ के अनुसार डीसीएस गिरदावरी में आ रही तकनीकी एवं व्यवहारिक समस्याओं के समाधान, आवश्यक संशोधन, बकाया दरों के दुरुस्तीकरण तथा गिरदावरी लॉक की व्यवस्था में बदलाव सहित कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। संघ ने 29 अप्रैल 2026 को बैठक एवं समय-समय पर ज्ञापनों के माध्यम से इन समस्याओं और सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा था। संघ की प्रमुख मांगों में पटवारी पद को तकनीकी पद घोषित कर पे लेवल-10 एवं ग्रेड पे 3600 देने, पटवारी संवर्ग का कैडर पुनर्गठन करने, विभिन्न स्तरों पर नए पद सृजित करने तथा पदोन्नति प्रक्रिया को समयबद्ध करने की मांग शामिल है। इसके अलावा पटवारियों को मिलने वाले विभिन्न भत्तों में वृद्धि, ग्रामीण क्षेत्र में नाइट अलाउंस एवं ट्रेवलिंग अलाउंस शुरू करने की भी मांग की गई है। संघ ने राजस्व विभाग से स्थानांतरण नीति को स्पष्ट करने, समस्त पटवार मंडलों में पटवार भवनों का निर्माण करवाने तथा कार्यालयों में लैपटॉप, प्रिंटर, इंटरनेट, फर्नीचर और फोटोकॉपी मशीन सहित आवश्यक आधुनिक संसाधन उपलब्ध करवाने की मांग भी उठाई है। मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के विरोध में पटवार संघ ने आंदोलन का कार्यक्रम जारी किया है। 18 अगस्त को सभी उपखंड अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने के साथ परिपत्र की होली दहन की जाएगी। इसी दिन से पटवारी काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे। 20 अगस्त को सभी उपखंड कार्यालयों का घेराव कर धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन दिया जाएगा। वहीं 21 अगस्त को जिला कलेक्टर कार्यालयों के सामने धरना-प्रदर्शन, परिपत्र की होली दहन एवं ज्ञापन देने का कार्यक्रम रखा गया है। संघ ने चेतावनी दी है कि इसके बाद भी सरकार एवं राजस्व विभाग की ओर से मांगों के समाधान को लेकर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो 24 अगस्त के बाद राजस्व मंडल का घेराव एवं विधानसभा कूच किया जाएगा। पटवार संघ का कहना है कि पटवारी ग्रामीण क्षेत्र में राजस्व संबंधी कार्यों के साथ-साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनकी लंबित मांगों का शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है। संघ ने सरकार से वार्ता कर मांगों पर सकारात्मक एवं शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है। इस अवसर पर पटवारी रतिराम जाखड़, दिलीप सिंह, ज्योति, गोपाल सहित अन्य पटवारी मौजूद रहे।

You might also like