रोड पर रिपेयरिंग के दौरान सड़क का लेवल बिगड़ने से बढ़ रहे हादसे

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। शहर के डॉ एस आर गुहाराय स्टेडियम मार्ग पर मस्जिद के सामने सीवरेज कार्य के बाद सड़क का लेवल बिगाड़ देने से टूटी सड़क वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार सीवरेज कार्य पूरा होने के बाद सड़क की रिपेयरिंग तो की गई, लेकिन सड़क का लेवल सही नहीं रखा गया। सड़क के बीच बने ऊबड़-खाबड़ और गड्ढेनुमा हिस्से के कारण आए दिन बाइक सवार असंतुलित होकर गिर रहे हैं। निवर्तमान पार्षद मोहम्मद नदीम का कहना है कि इस मार्ग पर दिनभर बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है। खासकर बाइक सवारों को सड़क के असमान हिस्से से निकलते समय अचानक झटका लगने से हादसे का खतरा बना रहता है। यहां बीते एक सप्ताह में तीन बाइक सवार लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। हादसों की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोगों ने खुद सड़क के टूटे हिस्से में पत्थर रख दिए हैं ताकि वाहन चालकों को दूर से ही खतरे का अंदाजा हो सके। स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन एवं संबंधित विभाग मौके का निरीक्षण कर सड़क का लेवल तत्काल सही करवाएं और गुणवत्तापूर्ण तरीके से रिपेयरिंग कराएं ताकि वाहन चालकों को राहत मिले और संभावित हादसों पर काबू पाया जा सके।

You might also like