नि:शुल्क उपलब्ध होगी सेप्टिक टैंक डिसिल्टिंग सेवा
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । नगर पालिका क्षेत्र में घरों, कार्यालयों, संस्थानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में बने सेप्टिक टैंक एवं सॉक पिट को 31 दिसंबर 2027 तक नि:शुल्क खाली (डिसिल्टिंग) करवाने की सेवा उपलब्ध रहेगी। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि नगर पालिका मंडल तारानगर द्वारा नागरिकों को स्वच्छता एवं सुरक्षित सीवेज प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। राजस्थान सरकार के स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रयासों के तहत यह सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे सेप्टिक टैंक की नियमित सफाई करवाकर जल रिसाव, भूजल प्रदूषण, दुर्गंध एवं संक्रमण जैसी समस्याओं से बचाव करें। अधिशाषी अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक 3 से 5 वर्ष में सेप्टिक टैंक की सफाई करवाना आवश्यक है। समय पर टैंक खाली करवाने से न केवल पर्यावरण एवं स्वास्थ्य की सुरक्षा होती है, बल्कि स्वच्छता व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जा सकता है। नागरिक नगर पालिका कार्यालय तारानगर से संपर्क कर नि:शुल्क सेवा के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त नगर पालिका के हेल्पलाइन नंबर 8712492258 , 14420 पर संपर्क कर इस सुविधा का लाभ लिया जा सकता है। अधिशासी अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने नागरिकों से स्वच्छता संबंधी इस पहल में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।