वोट काटने का आरोप लगाते हुए लोगों ने किया एसडीएम कार्यालय के आगे धरना-प्रदर्शन

निसं
तारानगर (नवयत्न)। नगरपालिका चुनाव से पहले तारानगर में मतदाता सूची को लेकर सियासत तेज हो गई है। कस्बे के विभिन्न वार्डो के लोगों ने बुधवार को निवर्तमान पार्षद हरिसिंह बेनीवाल के नेतृत्व में उपखण्ड अधिकारी एवं निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रियंका कड़ेला को चुनाव कार्य से हटाने की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय के आगे अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। उपस्थित लोगों ने भाजपा सरकार व एसडीएम कड़ेला के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोप लगाया गया है कि नगरपालिका निकाय चुनाव घोषित होने के बाद मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण कार्य जारी है। इसमें निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रियंका कड़ेला पक्षपातपूर्ण तरीके से काम कर रही हैं और एक पार्टी विशेष के कार्यकर्ता की तरह कार्य कर रही हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि 08 मई 2026 को अंतिम प्रकाशन की मतदाता सूची में खिलाफ पार्टियों के ब्लॉक में 100 से 150 वोटों को सत्ता पक्ष के इशारे पर काटा जा रहा है। जबकि नियमों के अनुसार अंतिम प्रकाशन के बाद सूची में बड़ा बदलाव नहीं किया जा सकता। दूसरा आरोप यह भी लगाया गया कि आम मतदाता द्वारा फॉर्म 05 व 03 के जरिए मूल आवास पर स्थानांतरण करने की मांग पर एसडीएम द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही वहीं सत्तापक्ष के सिर्फ एक प्रार्थना-पत्र पर गलत तरीके से सूची में परिवर्तन किया जा रहा है। धरना प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आगे कहा कि स्थानीय निर्वाचन अधिकारी के पद पर रहते हुए निष्पक्ष चुनाव होना संभव नहीं है, जो लोकतंत्र की परम्परा के खिलाफ है। स्थानीय नागरिकों ने पुरजोर मांग की है कि निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को हटाकर किसी निष्पक्ष अधिकारी को नियुक्त किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि जब तक पक्षपातपूर्ण रवैया रखने वाले अधिकारी को नहीं हटाया जाता तब तक धरना जारी रहेगा। इस मौके पर पूर्व सांसद रामसिंह कस्वां, हरिसिंह बेनीवाल, मोहर सिंह ज्याणी, मानसिंह सैनी, उमराव सहारण, कुंदन सैनी, मुंशी खाँ तेली, भागीरथ भामी, बाबू हुसैन कुरैशी, दिनेश खंडेलवाल, चिमनाराम पांडर, विक्रम सोनी, पप्पू गोस्वामी, जुबेर गौरी, सरीफ लुहार, राजू सहारण, असरफ बिसायती, लतीफ गौरी, शाबिर कुरैशी, हुसैन गौरी सहित विभिन्न वार्डो के अनेक वार्डवासी मौजूद रहे।

You might also like