शादी से पहले युवाओं के संवाद की पहल, झुंझुनूं में ‘तेरे मेरे सपनेÓ कार्यक्रम शुरू

संजय सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न)। राष्ट्रीय महिला आयोग के सौजन्य से जिला मुख्यालय पर शादी से पूर्व संवाद कार्यक्रम ‘तेरे मेरे सपनेÓ शुरू किया गया। स्वयंसेवी संस्था जिला पर्यावरण सुधार समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को विवाह से पहले आपसी समझ और संवाद के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम की शुरुआत भी खास तरीके से की गई। संवाद के लिए केंद्र पहुंचीं दो युवतियों को प्रथम परिवादी मानते हुए उन्हीं से फीता कटवाकर कार्यक्रम का शुभारंभ कराया गया। संस्था निदेशक राजेश अग्रवाल और शक्ति सदन की केंद्र अधीक्षक प्रमिला ने युवतियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि विवाह से पहले दोनों पक्षों के बीच खुलकर और ईमानदारी से बातचीत होना जरूरी है। इससे एक-दूसरे को समझने में मदद मिलती है और भविष्य में पारिवारिक विवाद की आशंका कम हो सकती है। उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं के बेहतर वैवाहिक जीवन और भविष्य के निर्माण में उपयोगी साबित होगी। कार्यक्रम में रेडियो जॉकी पूनम जांगिड़, इमरान खान सहित संस्था के सदस्य और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

You might also like