जाखल कप कबड्डी में मुकुंदगढ़ ने मारी बाजी, नवलड़ी को हराकर जीता 31 हजार का खिताब

निसं
बुगाला (नवयत्न)। जाखल तीज मेला महोत्सव के तहत आयोजित जाखल कप कबड्डी प्रतियोगिता का खिताब मुकुंदगढ़ की टीम ने अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में मुकुंदगढ़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नवलड़ी की टीम को हराया। नवलड़ी उपविजेता और सैनीनगर की टीम तीसरे स्थान पर रही। विजेता मुकुंदगढ़ टीम को 31 हजार रुपए नकद और ट्रॉफी, उपविजेता नवलड़ी को 21 हजार रुपए व ट्रॉफी तथा तीसरे स्थान पर रही सैनीनगर टीम को 11 हजार रुपए और ट्रॉफी प्रदान की गई। विजेता टीम के सभी खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। खेल प्रतियोगिता संयोजक राहुल कस्वां ने बताया कि खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच देना और युवाओं को खेलों से जोड़ना है। समापन समारोह में नवलगढ़ विधायक विकम सिंह जाखल ने खिलाड़ियों और आयोजन समिति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन के साथ शारीरिक और मानसिक मजबूती लाते हैं। युवाओं को खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। इस दौरान आयोजन समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, खेलप्रेमी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
प्रदीप बेस्ट रेडर, मदन बेस्ट डिफेंडर
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। प्रदीप को बेस्ट रेडर और मदन को बेस्ट डिफेंडर का पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले रेफरी, व्यवस्थापकों और अन्य सहयोगियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

You might also like