गणेश पूजन के साथ शुरू हुई बिसाऊ की विश्व प्रसिद्ध मूक रामलीला की तैयारियां
निसं
बिसाऊ (नवयत्न)। आश्विन शुक्ल पक्ष में पखवाड़ेभर चलने वाली बिसाऊ की ऐतिहासिक एवं विश्व प्रसिद्ध मूक रामलीला की तैयारियां बुधवार को गणेश पूजन के साथ शुरू हुईं। रामलीला 11 अक्टूबर से शुरू होगी। रामलीला हवेली में संत रविनाथ महाराज के सानिध्य में रामलीला कमेटी के ट्रस्टी जगदीश कसेरा व मंत्री गोपी किशन पारीक ने पंडित सुनील शास्त्री के आचार्यत्व में गणेश पूजन कराया। पूजन के बाद रामलीला को भव्य बनाने को लेकर समिति सदस्यों ने सुझाव साझा किए। मूक रामलीला प्रबंध समिति अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा ने बताया कि आयोजन की तैयारियों को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस दौरान प्रीतम दाधीच, सुशील भट्ट, श्रीकिशन पारीक, सांवरमल इंदौरिया, श्रीकिशन स्वामी, श्यामसुंदर शर्मा, रामगोपाल सोनी, नवरत्न बारी, सुभाष बोस, सुमेर सिंह चौहान, नेमीचंद खटीक, महेंद्र पारीक, विजय राव व कमल बजावेवाला सहित रामभक्त मौजूद रहे।