झुंझुनूं के वार्ड 31 में पोस्टर लगे, बाहरी प्रत्याशी को टिकट देने पर बीजेपी को चेतावनी
संजय सोनी
झुंझुनूं (नवयत्न)। नगर परिषद चुनाव को लेकर शहर में राजनीतिक हलचल बढऩे लगी है। वार्ड नंबर 31 में बीजेपी के खिलाफ चेतावनी वाले पोस्टर लगाए जाने से सियासी माहौल गरमा गया है। पोस्टरों में बाहरी व्यक्ति को टिकट देने पर पार्टी को चुनाव में खामियाजा भुगतने की चेतावनी दी गई है। वार्ड में लगाए गए पोस्टरों पर लिखा है कि यदि बीजेपी वार्ड नंबर 31 से बाहरी व्यक्ति को प्रत्याशी बनाती है तो पार्टी को आगामी चुनाव में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। पोस्टर के नीचे निवेदक के रूप में ‘समस्त वार्डवासी’ लिखा गया है। बताया जा रहा है कि वार्ड के विभिन्न इलाकों में बड़ी संख्या में ऐसे पोस्टर लगाए गए हैं।
पोस्टर सामने आने के बाद वार्ड 31 में बाहरी प्रत्याशी को टिकट दिए जाने की चर्चा से स्थानीय कार्यकर्ताओं और निवासियों में नाराजगी सामने आई है। स्थानीय लोगों की मांग है कि पार्टी वार्ड के ही निवासी को टिकट दे, ताकि वह क्षेत्र की समस्याओं और लोगों की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझ सके। चुनाव से पहले सामने आए इन पोस्टरों ने बीजेपी के टिकट वितरण को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।