पिता की पुण्य स्मृति में विद्यालय को भेंट की अलमारी

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। ग्राम गिरधारी सिंह का बास स्थित राजकीय विद्यालय में स्वर्गीय महादेव राम बाजिया की पुण्य स्मृति में उनके पुत्र एडवोकेट प्रकाश बाजिया ने विद्यालय को अलमारी भेंट कर अपने पिता को श्रद्धांजलि अर्पित की। शिक्षा के मंदिर में किया गया यह सेवा कार्य महादेव रामजी बाजिया की स्मृतियों को सदैव जीवंत रखने वाला प्रयास है। एडवोकेट प्रकाश बाजिया ने कहा कि उनके पिताजी महादेव राम बाजिया सदैव सेवा, संस्कार और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा रहे हैं। उनकी पुण्य स्मृति में विद्यालय को अलमारी भेंट करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और विद्यार्थियों की आवश्यकताओं में सहयोग करना उनके लिए केवल जिम्मेदारी नहीं बल्कि पिता की स्मृति को सम्मान देने का माध्यम है। उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यालय परिवार को भविष्य में जब भी किसी प्रकार की आवश्यकता होगी, वे हमेशा विद्यालय के साथ खड़े रहेंगे और अपनी सामर्थ्य के अनुसार हरसंभव सहयोग करते रहेंगे। विद्यालय परिवार ने स्वर्गीय महादेव राम बाजिया की पुण्य स्मृति में किए गए इस सेवा कार्य के लिए एडवोकेट प्रकाश बाजिया का आभार व्यक्त किया। उपस्थित लोगों ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किया गया यह योगदान समाज के लिए प्रेरणादायी है। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थी, राकेश कुमार सैनी, जनसंख्या समाधान फाउंडेशन एवं मानवाधिकार सुरक्षा संगठन, आईटी प्रभारी भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा, अध्यक्ष एबीवीपी, श्रीमाधोपुर, सीकर एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

You might also like