पौधों को पानी देते समय करंट लगा, युवक की मौत

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। कस्बे के वार्ड नंबर 5 में खोखरा की ढाणी में गुरुवार सुबह पौधों को पानी देते समय करंट लगने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान देशराज सिंह बिजारणियां के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार देशराज सुबह करीब 6 बजे घर पर सब्जी की क्यारी में लगे पौधों को पानी दे रहा था। इसी दौरान पानी की मोटर का बिजली का तार नीचे पड़ा था, जिसमें कट लगा हुआ था। नंगे पैर होने के कारण देशराज का पैर कटे तार पर पड़ गया और वह करंट की चपेट में आकर अचेत होकर गिर गया। परिजन उसे तत्काल राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीमाधोपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। मृतक के ताऊ झाबर सिंह ने बताया कि देशराज पिछले करीब पांच महीने से रींगस स्थित इंडिया शेल्टर फाइनेंस कंपनी में कलेक्शन का काम कर रहा था। उसकी शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी। एएसआई सांवरमल जाखड़ ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

You might also like