एसएस मोदी विद्या विहार में ट्राई गेम्स टूर्नामेंट का शुभारंभ
सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। शहर के गौरव पथ स्थित एसएस मोदी विद्या विहार में स्व. सूर्यकांत मोदी मेमोरियल चतुर्थ ट्राई गेम्स टूर्नामेंट-2026 का शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में बास्केटबॉल, बैडमिंटन और रोलर स्केटिंग के मुकाबले अंडर-14 बालक-बालिका वर्ग में होंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला खेल अधिकारी राजेश ओला रहे। विद्यालय समन्वयक मनीष अग्रवाल, अकादमिक निदेशक रॉय सी. पॉल और प्राचार्य विजय मसीह ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। विद्यालय के बैंड की अगुवाई में विद्यार्थियों ने मार्चपास्ट किया और मुख्य अतिथि को सलामी दी। मुख्य अतिथि राजेश ओला ने खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए कहा कि खेल तन और मन को स्वस्थ रखने के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं। खेलों से बच्चों को आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलता है। खेल प्रभारी मुकेश वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता 20 से 22 अगस्त तक चलेगी। इसमें 20 विद्यालयों के करीब 450 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। पहले दिन बालिका बास्केटबॉल में एसएस मोदी विद्या विहार ने ऐजिस इंटरनेशनल दोरासर को हराया। बैडमिंटन की टीम स्पर्धा में झुंझुनूं एकेडमी और एसएस मोदी विद्या विहार की टीमें फाइनल में पहुंचीं। रोलर स्केटिंग में 300, 500 और 1000 मीटर की स्पर्धाएं हुईं। कार्यक्रम का संचालन आंचल और आफिया ने किया। मुंबई प्रवासी ट्रस्टी शशिकांत मोदी, गिलूराम मोदी, सौरभ मोदी, प्रियंक मोदी और कनिका मोदी ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।