अतिक्रमण हटाने व नए अतिक्रमण रोकने की मांग

निसं
तारानगर (नवयत्न)। गौरव सैनानी (पूर्व सैनिक) संघ तारानगर ने उपखण्ड अधिकारी प्रियंका कड़ेला को ज्ञापन देकर सैनिक कल्याण बस्ती तारानगर में किए गए अतिक्रमण को हटाने व नये अतिक्रमण रोकने की मांग की है। ज्ञापन में गौरव सेनानियों ने बताया कि 2005 को राजस्थान सरकार द्वारा नगरपालिका तारानगर को सैनिकों के कल्याणार्थ सैनिकों के लिए खसरा नं 585 रकबा 68 बीघा भूमि का आवंटन किया गया था परन्तु कानूनी अड़चनों के कारण अभी तक न प्लाट आंवटन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है। सैनिक कल्याण बस्ती शहर की आबादी के नजदीक होने की वजह से लोगों की ओर से सैनिक कल्याण बस्ती की 10 से 12 बीघा भूमि पर अतिक्रमण कर कब्जा किया जा चुका है और दिन प्रतिदिन अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है। गौरव सेनानी संघ की ओर प्रशासन को अनेक बार लिखित में अतिक्रमण की सूचना दी गई थी लेकिन कोई भी सतोषजनक कार्यवाही नहीं होने की वजह से रोजाना अतिक्रमण आगे बढ़ता जा रहा है यदि यहीं स्थिति रही तो एक दिन सैनिक कल्याण बस्ती का नामोनिशान मिट जायेगा। संघ ने उचित कानूनी कार्यवाही कर सैनिक कल्याण बस्ती पर किए गए अतिक्रमण को हटाने व आगे होने वाले अतिक्रमण को रोकने की मांग की है। इस मौके पर संघ अध्यक्ष कैप्टन कल्याण सिंह राठौड़, ओमप्रकाश छिम्पा, भंवरसिंह पूनिया, बनवारीलाल, मोहरसिंह, भंवरदास, सुगनाराम आदि अनेक गौरव सेनानी मौजूद थे।

You might also like