बिसाऊ में बढ़े वायरल के मरीज, ओपीडी 400 पार
निसं
बिसाऊ (नवयत्न)। मौसम में बदलाव के साथ कस्बे में वायरल फीवर के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। निजी क्लीनिकों के साथ राजकीय अस्पताल की ओपीडी में भी मरीजों की संख्या बढ़ी है। पहले जहां रोजाना करीब 250 से 300 मरीज पहुंच रहे थे, वहीं अब ओपीडी 350 से 400 तक पहुंच गई है। सर्दी-जुकाम, बुखार, गला दर्द और खांसी के मरीज सबसे ज्यादा सामने आ रहे हैं। डॉ. सुनीता चौधरी ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण सर्दी-जुकाम, बुखार, बदन दर्द, उल्टी, सिर दर्द के साथ टाइफाइड, पीलिया और त्वचा संबंधी रोगों के मरीज भी उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मौसम में मच्छरों की संख्या भी बढ़ रही है। डॉ. चौधरी ने बीमारी से बचाव के लिए उबला हुआ पानी पीने, पौष्टिक आहार लेने और मच्छरदानी का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। जरूरत होने पर चिकित्सक से परामर्श लेने की अपील की गई है।