अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार घायल
निसं
दांता (नवयत्न)। निकटवर्ती ग्राम सुरेरा में कुड़ियों का बास के पास रेनवाल जाने वाली सड़क पर अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार युवक घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने घायल को उपचार के लिए सुरेरा स्थित बालाजी हॉस्पिटल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को 112 पुलिस थाने की गाड़ी से दांता सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए कुचामन रैफर कर दिया। घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा दांतारामगढ़ पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस थाने के हेड कांस्टेबल सीताराम ने बताया कि घायल की पहचान रामलाल निवासी लंबी-डेयरी तन इंडोली पुलिस थाना चितावा जिला डीडवाना-कुचामन के रूप में हुई है। रामलाल स्कूटी से जा रहा था, इसी दौरान अज्ञात वाहन की टक्कर से वह घायल हो गया। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।