ट्रक-टेलर की आमने-सामने भिड़ंत में चालक की मौत
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । राजलदेसर-परसनेऊ मार्ग पर शनिवार दोपहर करीब 2 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रक और ट्रेलर की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए । थाना प्रभारी बेगाराम मीणा ने बताया कि ट्रक बीकानेर की ओर जा रहा था, जबकि ट्रेलर बीकानेर की तरफ से आ रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से दोनों वाहनों की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक चालक 24 वर्षीय सुनील लोधी पुत्र रायसिंह लोधी, निवासी ग्वालियर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही राजलदेसर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए यातायात को सुचारू करवाया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाकर साइड में रखवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। मृतक का शव फिलहाल राजलदेसर राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस द्वारा मामले की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।