आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक शनिवार को यूनियन क्लब अतिथि भवन में नगर कांग्रेस अध्यक्ष खेमचंद बरडिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य अतिथि रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा रहे। इस दौरान पूर्व पालिका अध्यक्ष हंसराज पारीक, ओमप्रकाश कटारिया, मुश्ताक खान, अयूब बगड़, भागीरथ रेगर, मनफूल टांडी, चंद्रप्रकाश घिंटाला, जीतूराम मेघवाल सहित कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में आगामी नगर पालिका चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं से सुझाव लिए गए। पूर्व पालिका अध्यक्ष हंसराज पारीक ने आगामी चुनाव में एकजुट होकर कांग्रेस का बोर्ड बनाने का भरोसा जताया। नगर कांग्रेस अध्यक्ष खेमचंद बरडिया ने कहा कि कांग्रेस सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी और डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाकर पार्टी के पक्ष में माहौल तैयार किया जाएगा। मुख्य अतिथि विधायक पूसाराम गोदारा ने कहा कि कांग्रेस में टिकट वितरण के दौरान जीताऊ और टिकाऊ उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी में 50 प्रतिशत नव युवकों को भी अवसर दिया जाएगा। गोदारा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों में नगर पालिका में भ्रष्टाचार और घोटालों का बोलबाला रहा है। उन्होंने दावा किया कि कस्बे की गलियों और चौराहों पर भ्रष्टाचार को लेकर लोगों में चर्चा है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में कांग्रेस का बोर्ड बनने पर शहर के विकास को नई गति दी जाएगी। बैठक में मौजूद कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका में दोबारा कांग्रेस का बोर्ड बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा के युवा नेता मनीष सोनी ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में एडवोकेट गोविंद, गोपाल दाधीच, आरिफ बगड़, लालाराम कुचेरिया, लाभचंद सोनी, गोपी सोनी, भवानी कच्छावा, प्रकाश खटीक, दीनदयाल खटीक, मिर्जाराम मेघवाल, ताराचंद वाल्मीकि, सोनू वाल्मीकि , राजेश स्वामी, जुगल किशोर प्रजापत, सीताराम मेघवाल, भी कमचंद सुथार, नारायण सोनी , सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।