हरियालो राजस्थान अभियान के तहत किया वृक्षारोपण
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत हरियालो राजस्थान अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य सुभाष चन्द्र बोला उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए पर्यावरण संतुलन के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने एवं उनकी देखभाल करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस प्रभारी डॉ अंकिता के निर्देशन में हुआ। साथ ही डॉ अमिता, डॉ अरशद, रेखा नेहरा आदि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे और छात्राओं का मार्गदर्शन किया। साथ ही नए सत्र में एनएसएस में छात्राओं का पंजीकरण भी किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल का संकल्प लिया।