चुनावों को लेकर भाजपा की बैठक आयोजित

नंदलाल गौड़
​लोसल (नवयत्न) । आगामी नगर पालिका चुनावों की तैयारियों को लेकर लोसल में भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। पिछले 10 वर्षों से पालिका बोर्ड की सत्ता से बाहर चल रही भाजपा ने इस बार स्थानीय निकाय में अपना बोर्ड बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। बैठक में धोद विधायक गोरधन वर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह करंगा तथा भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री ओमप्रकाश बिजारणियां सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
​बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने केंद्र और राजस्थान की भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया, ताकि आम जनता को पार्टी के पक्ष में मतदान करने के लिए प्रेरित किया जा सके। इस दौरान नेताओं ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरते हुए कहा कि सभी को आपसी मतभेद भुलाकर पूरी एकजुटता और मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरना होगा। विधायक सहित अन्य वक्ताओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि पार्टी नेतृत्व जिस भी कार्यकर्ता को टिकट देकर मैदान में उतारे, सभी कार्यकर्ता निष्ठा के साथ दिन-रात मेहनत कर उसे ऐतिहासिक जीत दिलाएं और लोसल नगर पालिका में भाजपा का परचम लहराने का संकल्प पूरा करें। विधायक गोरधन वर्मा ने कहा कि वार्ड के लोगों को पसंद पर उम्मीदवार तय होगा ।इस बैठक के बाद एक और भाजपा की बड़ी बैठक होगी।

You might also like