ओवरलोड डंपर से मकान की दीवार टूटी, ग्रामीणों ने जताया विरोध
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी उपखंड के पपुरना गांव में ओवरलोड डंपरों के लगातार संचालन से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है। रविवार अलसुबह ओवरलोड डंपर से पत्थर गिरने के कारण एक मकान की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने ओवरलोड डंपरों के संचालन पर रोक लगाने की मांग को लेकर विरोध जताया। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष निरंजन लाल सैनी ने बताया कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में ओवरलोड डंपरों का आवागमन हो रहा है। क्षमता से अधिक सामग्री भरकर तेज गति से चलने वाले डंपरों से सड़क पर सामग्री गिरती रहती है। इसके चलते आए दिन हादसे होने के साथ ही आसपास रहने वाले लोगों के लिए भी खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि डंपरों के कारण सड़क किनारे बने मकानों और अन्य निर्माणों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने बताया कि ओवरलोड वाहनों के संचालन पर रोक लगाने की मांग पहले भी प्रशासन से की जा चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि कार्रवाई के अभाव में डंपर चालक बेखौफ होकर ओवरलोड वाहन संचालित कर रहे हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में ओवरलोड डंपरों की नियमित जांच की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते ओवरलोड वाहनों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर वाहनों की गति नियंत्रित कराने तथा ओवरलोड परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।