मारपीट के प्रकरण में चार गिरफ्तार
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । रतनगढ़ तहसील के ग्राम कादिया में 15 अगस्त को जागरण के दौरान व्यवस्थापक से मारपीट कर उससे एक लाख 40 हजार रुपए छीन लेने के दर्ज मुकदमे में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी अनुसार ग्राम कादिया निवासी 27 वर्षीय संदीप जाट, 30 वर्षीय अमित जाट 27 वर्षीय भंवरलाल जाट एवं 20 वर्षीय ध्रुवसिंह राणा को मारपीट कर रुपए छीनने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मामले के अनुसार 15 अगस्त की रात गांव कादिया के शक्ति माता मंदिर में जागरण लगा था, जिसके लिए गांव के 33 वर्षीय वीरेंद्रसिंह राजपूत को व्यवस्थापक की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। देर रात गांव के ही अमित जाट, संदीप जाट, बबलू जाट व ध्रुव राणा बोलेरो में सवार होकर आए तथा मंदिर परिसर से उसे खींचकर बाहर ले गए तथा उसके साथ लाठी-सरियों से मारपीट की। जब शोर मचाया, तो गांव के कुछ लोग आए तथा उसे छुड़ाया। जाते समय इन लोगों ने मंदिर के लिए एकत्रित चंदे की राशि एक लाख 40 हजार रुपए भी ले गए। 16 अगस्त को पुनः इन लोगों ने उसे व प्रत्यक्षदर्शियों के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकियां दी थी, जिस पर एएसआई श्यामसिंह ने उक्त चारों को गिरफ्तार किया है।